वीर्य स्खलन में दर्द होने के 9 संभावित कारण और उपचार

दर्दनाक स्खलन को मेडिकल भाषा में डिसोर्गास्मिया (dysorgasmia) या ओर्गास्मलगिया (orgasmalgia) के रूप में भी जाना जाता है। यह दर्द हल्की असुविधा से लेकर काफी दर्दनाक अनुभव तक हो सकता है और यह लिंग, अंडकोषों और पेरिनियल क्षेत्र में अनुभव हो सकता है।

दर्दनाक स्खलन आपके यौन जीवन पर काफी गंभीर प्रभाव डाल सकता है।

आपको दर्दनाक स्खलन को अनदेखा क्यों नहीं करना चाहिए और इसकी जाँच क्यों महत्वपूर्ण है, यह जानने के लिए पढ़ना जारी रखें –

इसका क्या कारण होता है?

वीर्य स्खलन के दौरान दर्द होने के 9 सामान्य कारण निम्नलिखित हैं:

1. प्रोस्टेटाइटिस (Prostatitis)

प्रोस्टेटाइटिस शब्द प्रोस्टेट ग्रंथि में सूजन या संक्रमण के लिए इस्तेमाल किया जाता है। यह 50 साल से कम उम्र के पुरुषों में सबसे आम होने वाली मूत्र संबंधी समस्या है।

इसके कारण पेशाब में दर्द हो सकता है या पेशाब बार-बार लग सकती है, इसलिए अक्सर इसे मूत्रमार्ग का संक्रमण समझ लिया जाता है। इसके अन्य लक्षणों में पेट के निचले हिस्से में दर्द और लिंग खड़ा करने में कठिनाई शामिल है।

प्रोस्टेटाइटिस के जोखिम को बढ़ाने वाले कारक निम्न हैं:

  • मधुमेह (डायबिटीज)
  • रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होना
  • प्रोस्टेट ग्रंथि का सामान्य से बड़ा होना
  • गुदा सेक्स
  • मूत्र कैथेटर का अधिक उपयोग

2. सर्जरी

कुछ प्रकार की सर्जरी कई दुष्प्रभाव पैदा कर सकती हैं, जिसमें दर्दनाक स्खलन भी शामिल है।

सबसे ज्यादा जोखिम रैडिकल प्रोस्टेटेक्टॉमी में होता है, जिसमें प्रोस्टेट के सभी या कुछ हिस्से और कुछ आस-पास के ऊतकों को हटाया जाता है। इसका उपयोग प्रोस्टेट कैंसर के इलाज के लिए किया जाता है। इस प्रक्रिया के दुष्प्रभाव में व्यक्ति को स्तंभन दोष, और लिंग व अंडकोष दर्द हो सकता है।

हर्निया की सर्जरी में भी दर्दनाक स्खलन होने का खतरा होता है।

3. अलसर या पथरी

स्खलन वाहिनी में अल्सर या पथरी विकसित होना भी संभव है। यह स्खलन को अवरुद्ध कर सकते हैं, जिससे बांझपन और दर्दनाक स्खलन हो सकता है।

4. अवसादरोधी दवाएं

अवसाद या डिप्रेशन को कम करने वाली दवाएं, जिन्हें एंटीडिप्रेसेंट दवाएं कहा जाता है, भी यौन समस्याओं का कारण बन सकती हैं, जिसमें दर्दनाक स्खलन भी शामिल है।

यौन दुष्प्रभाव पैदा करने की सबसे अधिक संभावना वाली दवाएं निम्न हैं:

  • सेलेक्टिव सेरोटोनिन रिअपटेक इनहिबिटर (selective serotonin reuptake inhibitors)
  • सेरोटोनिन और नॉरपेनेफ्रिन रिअपटेक इनहिबिटर
  • ट्राइसाइक्लिक और टेट्रासाइक्लिक
  • मोनोमाइन ऑक्सीडेज इनहिबिटर

5. पुडेंडल न्यूरोपैथी (Pudendal neuropathy)

पुडेंडल न्यूरोपैथी एक ऐसी स्थिति है जिसमें श्रोणि की किसी तंत्रिका को कुछ नुकसान हो जाता है। इससे जननांगों और मलाशय में दर्द हो सकता है।

कुछ चीजें जो पुडेंडल तंत्रिका को प्रभावित कर सकती हैं, वे हैं चोट, मधुमेह और मल्टीपल स्केलेरोसिस (एमएस)।

6. प्रोस्टेट कैंसर

हालाँकि अधिकतर मामलों में प्रोस्टेट कैंसर के कोई शुरुआती लक्षण नहीं होते, लेकिन कुछ मामलों में इसके कारण दर्दनाक स्खलन हो सकता है। अन्य लक्षणों में पेशाब की समस्या, स्तंभन दोष, या आपके मूत्र या वीर्य में रक्त आ सकता है।

7. ट्राइकोमोनिएसिस

ट्राइकोमोनिएसिस एक यौन संचारित संक्रमण है, जो पेशाब के दौरान जलन या दर्द पैदा कर सकता है।

8. रेडिएशन थेरेपी

जननांगों के आसपास रेडिएशन थेरेपी करवाने के परिणामस्वरूप भी व्यक्ति को यौन समस्याएं हो सकती हैं, जिसमें स्खलन में दर्द भी शामिल है। हालाँकि, ये दुष्प्रभाव आमतौर पर अस्थायी होते हैं।

9. मनोवैज्ञानिक समस्या

कुछ मामलों में, स्खलन में दर्द का कारण निर्धारित नहीं किया जा सकता है। यदि आपको हस्तमैथुन करते समय दर्द नहीं होता है, तो आपका स्खलन दर्द भावनात्मक रूप से आधारित हो सकता है। इसके बारे में और अधिक जानने के लिए किसी मनोवैज्ञानिक से मिलने पर विचार करें।

डॉक्टर से कब मिलें

यदि आपको दर्दनाक स्खलन होता है, तो सबसे पहले आपको किसी यूरोलॉजिस्ट से मिलना चाहिए। समस्या की जड़ तक पहुंचने के लिए डॉक्टर आपका एक शारीरिक परिक्षण करेगा और कुछ लैब टेस्ट करवाने की सलाह देगा।

इसकी पहचान कैसे की जाती है?

आपको डिजिटल रेक्टल टेस्ट जैसे एक शारीरिक परिक्षण करवाने की आवश्यकता होगी।

इसके अलावा, अपना सम्पूर्ण मेडिकल इतिहास और कुछ सवालों के जवाब देने के लिए भी तैयार रहें। डॉक्टर आपसे निम्न सवाल पूछ सकता है:

  • आप कब से स्खलन के दौरान दर्द का अनुभव कर रहे हैं?
  • यह दर्द कितने समय तक बना रहता है?
  • क्या आपका वीर्य निकलता है, या आपको एक सूखा ऑर्गाज्म होता है?
  • आप और कौन से अन्य लक्षण अनुभव कर रहे हैं?
  • क्या पेशाब करते समय भी आपको दर्द या जलन होती है?
  • क्या आपकी पेशाब का रंग सामान्य है?
  • क्या आप वर्तमान में कोई दवा ले रहे हैं?
  • क्या आपका कभी कैंसर का इलाज हुआ है?
  • क्या आपके परिवार में प्रोस्टेट कैंसर का कोई इतिहास है?
  • क्या आपको डायबिटीज है?

पहचान के टेस्ट निम्न हो सकते हैं:

  • संक्रमण की जाँच के लिए यूरिन टेस्ट
  • कैंसर सहित प्रोस्टेट समस्याओं का आकलन करने के लिए प्रोस्टेट-स्पेसिफिक एंटीजन टेस्ट

परिणामों के आधार पर, आपको अतिरिक्त टेस्ट, जैसे ब्लड टेस्ट या इमेजिंग टेस्ट करवाने की आवश्यकता हो सकती है।

क्या दर्दनाक स्खलन की कोई संभावित जटिलताएं हैं?

दर्दनाक स्खलन आमतौर पर एक बड़ी समस्या का लक्षण होता है, जिसका समय पर इलाज किया जाना आवश्यक है। आवश्यक उपचार प्राप्त करने से आपको भविष्य में होने वाली गंभीर जटिलताओं से बचने में मदद मिलेगी।

अनुपचारित छोड़ देने से, दर्दनाक स्खलन आपके यौन व्यवहार पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।

इसका इलाज कैसे किया जाता है?

उपचार समस्या के कारण पर निर्भर करेगा। अंतर्निहित बीमारियों, जैसे कि मधुमेह और मल्टीपल स्केलेरोसिस, की भी जाँच की जानी चाहिए।

बैक्टीरियल संक्रमण के लिए उपचार

  • आमतौर पर मौखिक एंटीबायोटिक दवाओं का एक विस्तारित कोर्स आवश्यक होता है।
  • ओवर-द-काउंटर या डॉक्टर के पर्चे की दर्दनिवारक दवाएं, दर्द और इन्फ्लेमेशन को कम करने में मदद कर सकती हैं।
  • गंभीर संक्रमण होने पर, आपको एंटीबायोटिक दवाओं के नस में इंजेक्शन लेने पड़ सकते हैं या यहां तक कि अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता भी हो सकती है।

जब यह सर्जरी का दुष्प्रभाव हो

  • कुछ दुष्प्रभाव अस्थायी होते हैं और धीरे-धीरे ठीक होते जाते हैं।
  • आपका डॉक्टर उपलब्ध उपचार विकल्प बताने के लिए स्थिति की बारीकियों का आकलन करेगा। उपचार में कुछ दवाएं या अतिरिक्त सर्जरी शामिल हो सकती है।

अलसर या पथरी का इलाज

  • स्खलन नलिकाओं की ट्रांसयूरेथ्रल रिसेक्शन नामक प्रक्रिया में रुकावटों को शल्य चिकित्सा द्वारा हटाया जा सकता है।

जब अवसादरोधी दवाओं के कारण हो

  • डॉक्टर की सलाह के बिना अपनी दवाएं लेना बंद न करें। ऐसा करने से आपका डिप्रेशन और बढ़ सकता है।
  • वैकल्पिक दवा के लिए अपने डॉक्टर से बात करें। हालाँकि सही दवा और खुराक खोजने में कुछ समय लग सकता है।

पुडेंडल न्यूरोपैथी के लिए उपचार

  • तंत्रिका अवरोधक (nerve blockers), सुन्न करने वाले एजेंट (numbing agent) और स्टेरॉयड दवाएं दर्द को नियंत्रित करने में मदद कर सकती हैं।
  • एक फिजिकल थेरेपिस्ट आपको अपनी पेल्विक फ्लोर की मांसपेशियों को मजबूत करने के तरीके के बारे में निर्देश दे सकता है।
  • कुछ मामलों में, संपीड़ित तंत्रिका पर सर्जरी की जा सकती है।

प्रोस्टेट कैंसर का उपचार

  • उपचार के विकल्प कैंसर के प्रकार, अवस्था और आक्रामकता पर निर्भर करते हैं।
  • कुछ प्रोस्टेट कैंसर बहुत धीमी गति से बढ़ते हैं, जिनमें सक्रिय निगरानी के साथ न्यूनतम उपचार की आवश्यकता होती है।
  • प्रोस्टेट कैंसर का इलाज रेडिएशन थेरेपी, हार्मोन थेरेपी, वैक्सीन ट्रीटमेंट और कीमोथेरेपी से किया जा सकता है।
  • प्रोस्टेट के भाग या पूरे प्रोस्टेट को हटाने के लिए सर्जरी की आवश्यकता हो सकती है।

ट्राइकोमोनिएसिस का उपचार

  • आमतौर पर ट्राइकोमोनिएसिस का उपचार पूरी तरह से एंटीबायोटिक दवाओं के जरिये किया जाता है।
  • चूँकि ट्राइकोमोनिएसिस एक यौन संचारित संक्रमण है, इसलिए आपके सभी सेक्सुअल पार्टनर्स को भी जाँच और इलाज की आवश्यकता होगी।

जब यह रेडिएशन थेरेपी के कारण होता है

  • आमतौर पर रेडिएशन थेरेपी के दुष्प्रभाव कुछ समय बाद अपनेआप ठीक हो जाते हैं।
  • लेकिन यदि यह समस्या लगातार बानी रहती है, तो अपने डॉक्टर से बात करें।

जब यह भावनात्मक या मनोवैज्ञानिक समस्याओं के कारण होता है

यदि दर्दनाक स्खलन के पीछे कोई भावनात्मक या मनोवैज्ञानिक कारण है, तो आपको एक मनोवैज्ञानिक से मिलकर उचित व्यावहारिक थेरेपी लेना फायदेमंद साबित हो सकता है।

निष्कर्ष

वीर्य स्खलन में दर्द के सही कारणों और उपचार के बारें में जानने के लिए आपको अपने डॉक्टर से जाँच करवाना आवश्यक होगा।

यौन समस्याएं आपको और आपके साथी दोनों को प्रभावित कर सकती हैं। यदि आप इसके बारे में बात नहीं करते हैं, तो आपकी साथी आपके रिश्ते के बारे में कुछ गलत धारणा बना सकती है। इसलिए रिश्तों में खुली बातचीत महत्वपूर्ण होती है।

अपने साथी से बात करने के लिए यहां कुछ सुझाव दिए गए हैं:

  • ऐसा समय खोजें जब आप दोनों फ्री और और रिलैक्स हों।
  • अपने साथी को समझाएं कि समस्या स्खलन के दौरान होने वाले दर्द में है, न कि आपकी उत्तेजना और लगाव में।
  • व्यक्त करें कि यह समस्या आपको यौन और भावनात्मक रूप से कैसे प्रभावित कर रही है।
  • अपनी साथी की चिंताओं को भी गंभीरता से लें और समायोजित करने की कोशिश करें।

आपकी साथी को यह सुनकर भी ख़ुशी हो सकती है कि आप डॉक्टर से मिलने के बारे में सोच रहे हैं।

दर्दनाक स्खलन एक बड़ी स्वास्थ्य समस्या का शुरुआती संकेत हो सकता है, जिसका समय पर उपचार प्राप्त करना आवश्यक होगा।

आमतौर पर यह प्रोस्टेटाइटिस, सर्जरी, अलसर या पथरी और अवसादरोधी दवाओं के कारण होता है।

उचित पहचान और उपचार के लिए अपने डॉक्टर से मिलें, ताकि आप गंभीर जटिलताओं से बच सकें और एक स्वस्थ यौन जीवन बनाए रख सकें।

Scroll to Top